त्विषा मामला : मप्र पुलिस की जांच हुई तेज, गिरिबाला और समर्थ से पूछताछ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-05-2026
MP police investigation intensifies, Giribala and Samarth questioned
MP police investigation intensifies, Giribala and Samarth questioned

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 मॉडल से अभिनेत्री बनीं त्विषा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने अग्रिम जमानत पर चल रही सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके गिरफ्तार बेटे समर्थ सिंह से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने मामले की गहनता से जांच ऐसे समय में शुरू की है जब मध्यप्रदेश सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की है। त्विषा शर्मा की मौत का यह प्रकरण पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में है।
 
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली त्विषा शर्मा 12 मई की रात अपने ससुराल में फांसी पर लटकी पाई गई थीं। उसके परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है जबकि आरोपियों ने इससे इनकार किया है।
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर 'पीटीआई-भाषा' कहा कि जांचकर्ता आरोपियों से अलग से पूछताछ कर रहे हैं और उनके बयानों का मिलान कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा, "हमने गिरिबाला सिंह से पूछताछ की है। इस प्रक्रिया में समय लगता है। पुलिस हिरासत में उसके बेटे समर्थ सिंह से भी पूछताछ की जा रही है। एक आरोपी द्वारा दी गई जानकारी की दूसरे के साथ पुष्टि की जा रही है।"
 
उन्होंने कहा कि जांच जारी है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है।
 
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस हिरासत में समर्थ सिंह ने जांचकर्ताओं को बताया है कि त्विषा के गर्भवती होने के बाद उनके संबंधों में खटास आ गई थी।
 
उन्होंने कहा, "अभी तक मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन जांच जारी है। इस स्तर पर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।"
 
पुलिस ने शनिवार को समर्थ सिंह की सात दिन की रिमांड हासिल की थी।