आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नेता निर्मल कुमार ने बृहस्पतिवार को चेन्नई में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रदेश सचिव एम वीरपांडियन से मुलाकात की और सरकार गठन में भाकपा का समर्थन मांगा।
हाल में संपन्न तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके के पास अकेले दम पर सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है।
अभिनेता-नेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के संयुक्त महासचिव कुमार ने चेन्नई स्थित भाकपा कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने पार्टी नेताओं से सरकार गठन में टीवीके का सहयोग करने की अपील की।
कुमार ने कहा कि टीवीके सरकार गठन के लिए वाम दलों, वीसीके (विदुथलाई चिरुथिगल काची) और आईयूएमएल (इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग) से पहले ही समर्थन की अपील कर चुकी है और उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी राज्य में सरकार बनाएगी।
वीरपांडियन से मुलाकात के बाद कुमार ने संवाददाताओं से कहा, “पार्टियों ने हमारे अनुरोध का जवाब देने के लिए समय मांगा है।”
यह पूछे जाने पर कि क्या टीवीके ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से भी संपर्क किया है, कुमार ने कहा, “हमने उनसे संपर्क नहीं किया है और न ही हमारा ऐसा करने का इरादा है।”
टीवीके ने तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीट में से 108 पर जीत दर्ज की है। सरकार बनाने के लिए उसे 10 और सदस्यों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस पहले ही टीवीके के समर्थन की घोषणा कर चुकी है।