तमिलनाडु के राज्यपाल लोकतांत्रिक परंपरा को बनाये रखें : माकपा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-05-2026
Tamil Nadu Governor should maintain democratic traditions: CPI(M)
Tamil Nadu Governor should maintain democratic traditions: CPI(M)

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए टीवीके को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का आह्वान किया, क्योंकि वह त्रिशंकु विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है।
 
तमिलनाडु में राजनीतिक गतिरोध पर माकपा महासचिव ने तर्क दिया कि स्पष्ट बहुमत के अभाव में या चुनाव पूर्व गठबंधन के बहुमत तक न पहुंचने की स्थिति में, संवैधानिक परंपरा के अनुसार सबसे बड़ी पार्टी के नेता को (सरकार में) शपथ दिलायी जानी चाहिए। उन्होंने 1996 में भाजपा के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी को दिए गए निमंत्रण का उदाहरण दिया।
 
बेबी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ बातचीत में निमंत्रण में देरी पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘राज्यपाल का कार्यालय संदेह से परे होना चाहिए।’’ उन्होंने मांग की कि टीवीके नेता विजय को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने के लिए उचित समय दिया जाए।
 
माकपा की स्थिति स्पष्ट करते हुए बेबी ने माना कि द्रमुक के साथ उनका गठबंधन चुनाव हार गया है। उन्होंने कहा कि माकपा नेतृत्व इस ‘असामान्य स्थिति’ में आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए चेन्नई में बैठक करेगा।
 
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीट जीती हैं, लेकिन सरकार बनाने के लिए वह जरूरी 118 विधायकों का आंकड़ा पाने में असमर्थ है। कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों के साथ विजय की पार्टी को समर्थन दिया है।