शी चिनफिंग के साथ बातचीत के लिए बीजिंग जा रहे ट्रंप

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-05-2026
Trump is heading to Beijing for talks with Xi Jinping.
Trump is heading to Beijing for talks with Xi Jinping.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
चीन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगमन पर उनके स्वागत के लिए बुधवार को तैयारी पूरी हो गई है और इस यात्रा में वह खाड़ी युद्ध समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से चर्चा करेंगे।
 
विश्व की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता सातवीं बार आमने-सामने की वार्ता करेंगे। वे आखिरी बार अक्टूबर 2025 में दक्षिण कोरिया के बुसान में एक दूसरे से मिले थे।
 
चीन ने नौ वर्षों में दूसरी बार ट्रंप के स्वागत के लिए तैयारी कर ली है, जिसका उद्देश्य व्यापार समझौते पर सहमति बनना और शुल्क (टैरिफ) को लेकर जारी तनाव को कम करना है जिससे अमेरिका को होने वाले 525 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात प्रभावित हुए थे।
 
शीर्ष मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के साथ यहां पहुंचने वाले ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान 2017 में चीन की यात्रा की थी और इसके बाद से किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने यहां की यात्रा नहीं की।
 
अमेरिकी उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने रविवार को बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप बुधवार शाम बीजिंग पहुंचेंगे और बृहस्पतिवार को स्वागत समारोह तथा शी चिनफिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक में भाग लेंगे।
 
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेता शुक्रवार को चाय और दिन के भोजन पर फिर मिलेंगे। अमेरिका की योजना बाद में चीनी राष्ट्रपति की पारस्परिक यात्रा की मेजबानी करने की है।
 
दोनों पक्षों ने रविवार को कहा था कि ट्रंप की यात्रा से पहले चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग अंतिम दौर की वार्ता के तहत अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के साथ व्यापार वार्ता के लिए 12 और 13 मई को दक्षिण कोरिया की यात्रा करेंगे।
 
ट्रंप ने बीजिंग रवाना होने से पहले वाशिंगटन में मीडिया से कहा कि वह शी चिनफिंग से अन्य मुद्दों के बजाए सबसे अधिक चर्चा व्यापार को लेकर करेंगे।
 
वह अमेरिकी खाद्य पदार्थ खरीदने और विमानों को अधिक संख्या में खरीदने के लिए चीन के साथ और अधिक समझौते करने की योजना बना रहे हैं।