आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को मोहन बागान के पूर्व अध्यक्ष स्वपन साधन बोस को मैदान क्षेत्र में स्थित क्लब में अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
कोलकाता के फुटबॉल प्रेमियों में ‘टूटू बाबू’ के नाम से लोकप्रिय, मोहन बागान के पूर्व अध्यक्ष स्वपन साधन बोस का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।
विधानसभा में शपथ लेने के तुरंत बाद शुभेंदु मोहन बागान क्लब के तंबू में पहुंचे और बोस को पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, "मैं राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मोहन बागान क्लब के तंबू पहुंचा।"
पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अधिकारियों और राज्य के कई मंत्रियों ने बोस के परिजनों और प्रशंसकों को सांत्वना दी।
बोस के क्लब में योगदान को याद करते हुए अधिकारी ने कहा कि उन्होंने मोहन बागान क्लब के भीतर नेतृत्व की भावी पीढ़ियों के निर्माण के लिए काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, "उन्होंने स्वामी विवेकानंद के 'चरैवेति, चरैवेति' (आगे बढ़ते रहो) के मंत्र का पालन करते हुए अगली पीढ़ी के प्रशासकों को तैयार करके क्लब की प्रगति सुनिश्चित की।"
प्रमाणिक ने बोस को "खेल जगत का योद्धा" बताया और कहा कि उनका निधन "अपूरणीय क्षति" है। उन्होंने कहा, "बंगाल के सभी लोग और सभी खेल प्रेमी उन्हें हमेशा याद रखेंगे।"
आधुनिक युग में मोहन बागान को आकार देने में बोस ने एक निर्णायक भूमिका निभाई।
बोस का कई स्वास्थ्य समस्याओं के कारण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11.45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
बोस के पोते अरिनजॉय बोस ने फेसबुक पर पोस्ट किया, ‘‘हम अत्यंत दुख के साथ टूटू बोस के निधन की घोषणा करते हैं। वह एक आदर्श पिता और दादा थे। वह एक उत्कृष्ट प्रशासक थे और अपने आसपास के सभी लोगों के लिए बहुत बड़ा सहारा थे।’’