Tributes paid to former Kerala Chief Minister Oommen Chandy on his third death anniversary
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की तीसरी पुण्यतिथि पर राज्यभर में विभिन्न स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए और उन्हें आम लोगों के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले नेता के रूप में याद किया।
पुथुपल्ली में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गयीं, जहां चांडी ने पांच दशक से अधिक समय तक विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेंट जॉर्ज ऑर्थोडॉक्स चर्च स्थित उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
तिरुवनंतपुरम स्थित केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) मुख्यालय और राज्यभर के जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) कार्यालयों में भी स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए गए।
केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में चांडी को ‘‘जननेता’’ बताते हुए कहा कि उनके निधन से लाखों लोग शोकाकुल हो गए थे।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर के केरलवासी इस बात पर गर्व करते थे कि संकट की घड़ी में चांडी फोन कॉल या एक आवेदन के जरिए हमेशा उनकी मदद के लिए उपलब्ध रहते थे।
सतीशन ने कहा, ‘‘कोई भी अब दूसरा चांडी नहीं होगा। उन्होंने हर जनप्रतिनिधि को यह सिखाया कि आम लोगों को गले लगाना और उनके साथ खड़े रहना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।’’
पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाध ने चांडी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि कांग्रेस का यह दिग्गज नेता उनके साथ काम करने वाले लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बना हुआ है।