आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने बुधवार को ‘नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म’ शुरू किया।
यह भौगोलिक सूचना आधारित ‘डैशबोर्ड’ है जिसमें उपभोक्ताओं द्वारा जुटाई गई इंटरनेट गति और कॉल परीक्षण की जानकारी के साथ नियामक के अपने स्वतंत्र ड्राइव परीक्षण के नतीजों को एक जगह उपलब्ध कराया गया है।
यह मंच ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ (डीएनडी) सेवाओं के लिए वेब इंटरफेस भी उपलब्ध कराता है।
उपयोगकर्ताओं के परीक्षण से जुड़ी जानकारी ट्राई के ‘माईस्पीड’ और ‘माईकॉल’ ऐप से ली गई है।
उपभोक्ता ‘इंटरैक्टिव मैप’ पर नतीजे देख सकते हैं। इन नतीजों को मोबाइल या फिक्स्ड ब्रॉडबैंड, सेवा प्रदाता और प्रौद्योगिकी के आधार पर छांटा जा सकता है।
इनमें डाउनलोड व अपलोड की गति जैसे मानक शामिल हैं। उपयोगकर्ता नक्शे को बड़ा करके यह देख सकते हैं कि परीक्षण कहां किए गए थे। जानकारी को समझने के लिए फिल्टर, संकेतक, तालिकाओं और डाउनलोड की जा सकने वाली रिपोर्ट का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
दूरसंचार सेवा प्रदाता सुरक्षित इंटरफेस के जरिये कॉल गुणवत्ता, नेटवर्क कवरेज और इंटरनेट परीक्षण से जुड़ी जानकारी तक पहुंच सकते हैं। इनमें स्थान, तारीख और समय की जानकारी भी शामिल है।
ट्राई के अनुसार, दूरसंचार कंपनियां इन जानकारी का इस्तेमाल समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान करने और अपने नेटवर्क में सुधार करने के लिए कर सकती हैं।