Nadda targets Congress on SIR issue, says opposition party is busy 'legitimizing' outsiders
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बाहरी लोगों को ‘सामान्य, मान्यता प्राप्त और वैध बनाने’ की कोशिश कर रही है, क्योंकि इन लोगों के समर्थन से वह लंबे समय तक सत्ता में रही है।
नड्डा यहां आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली और पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बाहरी लोगों की पहचान करने, उनके नाम मतदाता सूची से हटाने और उन्हें देश से बाहर भेजने के पक्ष में है। उन्होंने कांग्रेस पर निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के अमित शाह ‘पहचान करो, नाम हटाओ और निर्वासित करो’ की बात करते हैं। कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन क्या कहते हैं? वे कहते हैं कि बाहरी लोगों को सामान्य बनाओ, उन्हें मान्यता दो और वैध बनाओ। उनके आधार कार्ड और राशन कार्ड बनाओ तथा उन्हें यहां बसा दो।’’
नड्डा ने कहा, ‘‘वे आपके मतदाता हैं, उन्हें मान्यता दो और भारतीय राजनीति का हिस्सा बनाओ। आप बताइए, क्या ऐसे लोगों की पहचान नहीं की जानी चाहिए? क्या उन्हें देश से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए?’’ उन्होंने लोगों से कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन का राजनीतिक रूप से बहिष्कार करने की अपील भी की।