Thunderstorms and rain likely in Andhra Pradesh, heat wave conditions to persist in several divisions
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कई मंडलों में लू का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। एपीएसडीएमए ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के अनुसार, कर्नाटक क्षेत्र से तटीय आंध्र तट तक फैली कम दबाव की रेखा (ट्रफ) के कारण सोमवार से दो दिनों तक अल्लूरी सीताराम राजू, पोलावरम, कुरनूल, नंद्याल, अनंतपुर, श्री सत्य साई और वाईएसआर कडपा जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा,‘‘राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और लगातार भीषण गर्मी का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में बारिश की उम्मीद है, वहीं अन्य स्थानों पर उच्च तापमान बना रहेगा।’’
इस बीच, सोमवार को 56 मंडलों में भीषण लू और अन्य 67 मंडलों में सामान्य लू चलने की आशंका है। एपीएसडीएमए ने बताया कि जिन जिलों में भीषण लू चलने की संभावना है, उनमें श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लूरी सीताराम राजू, पोलावरम, काकीनाडा, पश्चिम गोदावरी, एलुरु, कृष्णा, प्रकाशम, अनंतपुर और चित्तूर शामिल हैं।
श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लूरी सीताराम राजू, पोलावरम, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, एलुरु, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में कुछ स्थानों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
कोनासीमा, एनटीआर, गुंटूर, बापटला, पलनाडु, कुरनूल, नंद्याल, अनंतपुर, वाईएसआर कडपा और चित्तूर जिलों के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
रविवार को सबसे अधिक तापमान प्रकाशम जिले के कारेडू में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद मकरापुरम जिले के नंदनमरेला में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बापटला जिले के पिट्टालवानीपालेम और कृष्णा जिले के पेडापारुपुडी में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
जैन ने मौजूदा गर्मी के हालात को देखते हुए बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी।
हृदय रोग, मधुमेह और रक्तचाप से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित लोगों को लंबे समय तक धूप में न रहने और प्रयाप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।