ठाणे में एक इमारत की ‘स्लैब’ गिरने से तीन लोग घायल, 80 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-02-2026
Three people injured, 80 rescued after a building slab collapses in Thane
Three people injured, 80 rescued after a building slab collapses in Thane

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार सुबह एक आवासीय इमारत की पांचवीं मंजिल से एक स्लैब नीचे वाली मंजिल पर गिरने से तीन लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है। यह घटना वागले एस्टेट के शांतिनगर स्थित पांच मंजिला नूतन नीलम अपार्टमेंट में तड़के तीन बजकर सात मिनट पर हुई।
 
अधिकारियों के अनुसार, यह इमारत लगभग 35 साल पुरानी है और घटना के बाद 80 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
 
ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि पांचवीं मंजिल के एक फ्लैट से एक स्लैब चौथी मंजिल पर स्थित एक घर पर गिरी जिससे ऊपरी फ्लैट में रहने वाला एक व्यक्ति और नीचे रहने वाले दो लोग घायल हो गए।
 
उन्होंने बताया कि तीनों को ठाणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए मुंबई के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। सूचना मिलते ही आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे।
 
ताडवी ने बताया, ‘‘इमारत में करीब 80 से 85 लोग रहते हैं। हमने सभी निवासियों को बचा लिया है। उनमें से लगभग आधे लोगों को अस्थायी आश्रय के लिए शांतिनगर स्थित टीएमसी स्कूल भेज दिया गया है, जबकि अन्य ने अपने रहने का इंतजाम खुद कर लिया है।’’
 
उन्होंने बताया कि ए और बी विंग वाली इस इमारत में 26 फ्लैट हैं और यह 30 से 35 साल पुरानी है।
 
इसे पहले सी2बी श्रेणी में रखा गया था, जिसका अर्थ है कि इसमें बड़े पैमाने पर मरम्मत की आवश्यकता है, लेकिन इसकी हालत फिलहाल जानलेवा नहीं है।
 
अधिकारी ने बताया कि शेष ढांचा खतरनाक स्थिति में है और इस कारण इसे सील कर दिया गया है।
 
बिजली कंपनी के कर्मचारी बिजली काटने और पुलिसकर्मी इलाके को सुरक्षित करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।