आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के संस्कृति मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ ने शनिवार को तिरुवनंतपुरम नगर निगम से राज्य की राजधानी में ‘मानवीयम वीधि’ पर गायिका पुष्पवती के संगीत कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार करने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
यह संगीत कार्यक्रम शनिवार को ‘मानवीयम वीधि’ की रजत जयंती समारोह के तहत आयोजित किया जाना था। शहर का यह ‘सांस्कृतिक गलियारा’ नियमित रूप से कलात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता है।
आयोजकों ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित नगर निगम ने बिना कोई वैध कारण बताए कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया जबकि उन्होंने निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार पुलिस और नगर निकाय के अधिकारियों को आवेदन दिए थे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निकाय और पुलिस ने हाल में इस आयोजन स्थल पर होने वाले कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाए हैं।
विष्णुनाथ ने पत्रकारों से कहा कि पुष्पावती मलयालम की सबसे प्रतिभाशाली गायिकाओं में से एक हैं और वह केरल संगीत नाटक अकादमी की पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मानवीयम वीधि एक ऐसी जगह है जहां रचनात्मक गतिविधियां होती हैं। कलाकारों पर पाबंदियां लगाना और उन्हें वहां अपनी कला दिखाने के मौकों से वंचित करना सही नहीं है। निगम को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।’’
केरलम अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफके) से जुड़े अधिकारियों में हाल में किए गए बदलावों पर मंत्री ने कहा कि ये राज्य चलचित्र अकादमी के भीतर के आंतरिक प्रशासनिक प्रबंध हैं और इनसे महोत्सव के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।