There is no place in society for conduct contrary to the dignity of women: Yogi Adityanath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि जिस समाज में जगत जननी मां भगवती की उपासना होती है, वहां नारी की गरिमा के विपरीत आचरण की कोई जगह नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है।
एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन के बाद पत्रकारों से कहा कि नवरात्र में कन्याओं का पूजन इसी भाव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इस परंपरा को केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘मिशन शक्ति अभियान इसी संकल्प से प्रेरित है।’’
आदित्यनाथ ने कहा कि जगत जननी मां भगवती का नौवां स्वरूप सभी सिद्धियां प्रदान करने वाला है। उन्होंने कहा कि महानवमी पर कन्या पूजन के माध्यम से सनातन धर्मावलंबी मातृशक्ति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि वासंतिक और शारदीय नवरात्र की परंपरा नारी के प्रति सर्वोच्च सम्मान का संदेश देती है।