आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फिल्म निर्माता अमित जानी ने आरोप लगाया है कि सोनीपत में कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी एसयूवी गाड़ी का पीछा किया और हथियार दिखाकर उसे रोकने की कोशिश की।
शिकायत के अनुसार, यह घटना रविवार शाम उस समय हुई, जब जानी कुछ अन्य लोगों के साथ एसयूवी गाड़ी में जम्मू से नोएडा लौट रहे थे।
जानी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनके चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और सोनीपत के एक पुलिस थाने में प्रवेश करके उनकी जान बचाई।
शिकायत के मुताबिक, एक सफेद कार काफी दूर तक उनकी एसयूवी का पीछा करती रही और फिर उसे ओवरटेक कर लिया। इसमें कहा गया है कि सफेद कार के चालक ने वाहन से हाथ बाहर निकालकर एसयूवी को रुकने का इशारा किया। इसके बाद उसने हथियार भी दिखाया।
शिकायत में कहा गया है कि पहले मिल चुकी धमकियों को देखते हुए खतरे का अंदेशा होने पर एसयूवी में बैठे जानी ने अपने चालक से गाड़ी तेजी से चलाने को कहा। इसके बाद उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाइन ‘112’ पर पुलिस को सूचना दी।
शिकायत के अनुसार, सफेद कार ने कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे तक जानी की एसयूवी गाड़ी का पीछा किया।
सोनीपत पुलिस के एक अधिकारी ने संपर्क किए जाने पर बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जानी ने विवादित फिल्म ‘‘उदयपुर फाइल्स’’ का निर्माण किया है। वह ‘‘काला हिरण’’ फिल्म के निर्माता और लेखक भी हैं। सलमान खान द्वारा फिल्म के खिलाफ मुकदमा दायर किए जाने के बाद इसकी रिलीज अटकी हुई है।