The Union Territory of Jammu and Kashmir benefited from the removal of Article 370: BJP MP Satpal Sharma
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राज्यसभा में बुधवार को भाजपा के सतपाल शर्मा ने जम्मू कश्मीर से आज ही के दिन अनुच्छेद 370 हटाये जाने का जिक्र करते हुए दावा किया कि इसके कारण केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को केंद्र की हर योजना का लाभ मिल रहा है और वह देश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रहा है।
शून्यकाल में भारतीय जनता पार्टी के सांसद सतपाल शर्मा ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज एक ऐसा दिन है जिसका इंतजार जम्मू कश्मीर ही नहीं बल्कि पूरे देश के लोग दशकों से कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 370 के तहत प्रदत्त विशेष दर्जे को रद्द कर दिया और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया था।
उन्होंने कहा कि आज के दिन गृह मंत्री अमित शाह ने जो काम किया वह जम्मू कश्मीर को नयी ऊंचाइयों पर ले गया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35 ए का कांटा जम्मू कश्मीर के लोगों को चुभ रहा था, जिसे प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने निकाल कर फेंक दिया।
शर्मा ने कहा कि जनसंघ के नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘एक विधान, एक निशान, एक प्रधान’ के लक्ष्य के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि इस सपने को पूरा करने के लिए बहुत से लोगों ने बलिदान दिया है और वे ऐसे सभी लोगों को नमन करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज जम्मू कश्मीर भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है औद देश के विकास में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत सरकार की हर योजना का लाभ जम्मू कश्मीर के लोगों को मिल रहा है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस ने न जाने कितने राष्ट्रवादी लोगों पर जुल्म किया और उनकी हत्याएं तक की गयीं।