The strategic scenario is changing rapidly, it will impact all countries: Vice President Radhakrishnan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक सामरिक परिदृश्य में तेजी से बदलाव आ रहा है, जहाँ पारंपरिक सुरक्षा चिंताओं का सामना अब लगातार उभरती नयी चुनौतियों से हो रहा है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि इसके दूरगामी परिणाम दुनिया के सभी देशों को प्रभावित करेंगे।
उन्होंने राष्ट्रों के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया ताकि इसका लाभ सभी को मिल सके।
राधाकृष्णन राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय द्वारा आयोजित दो सप्ताह के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम, चौथे ‘अंतरराष्ट्रीय सामरिक सहभागिता कार्यक्रम’ को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे आसपास का सामरिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और पारंपरिक सुरक्षा चिंताएं अब प्रौद्योगिकी, साइबर स्पेस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऊर्जा सुरक्षा तथा जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में उभरती नयी चुनौतियों के साथ लगातार जुड़ रही हैं।’’
उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘इन घटनाक्रमों का प्रभाव न केवल व्यक्तिगत देशों पर, बल्कि व्यापक अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर भी पड़ेगा।’’