आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में आए फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक, जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फरियादियों द्वारा उठाए गए राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण समयसीमा के भीतर हो और विलंब होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाए।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अपने समक्ष लाये गये राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का संज्ञान लिया और कहा कि लंबित राजस्व वादों का समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए।
आदित्यनाथ ने यह भी निर्देश दिए की छह महीने से अधिक लंबित वादों के कारणों की समीक्षा की जाए और उचित कारण न होने पर भी अगर निस्तारण में देर होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी संवेदनशीलता से सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सभी को न्याय और हर पात्र को योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अपने परिजन के साथ आए कुछ बच्चों से शिक्षा के बारे में भी पूछा और अभिभावकों से कहा कि बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें, क्योंकि पढ़ा-लिखा बच्चा ही सशक्त भारत की नींव है।