जरूरतमंदों के इलाज और मकान की व्यवस्था कराएगी सरकार: योगी आदित्यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-06-2026
The government will arrange for treatment and housing for the needy: Yogi Adityanath
The government will arrange for treatment and housing for the needy: Yogi Adityanath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था कराएगी।

योगी ने गोरखपुर दौरे के दौरान लगातार दूसरे दिन शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
 
उन्होंने इस दौरान आवास के लिए जरूरतमंद लोगों को मकान उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए भरपूर आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था कराएगी।
 
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की।
 
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों के बीच पहुंचकर योगी ने एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
 
मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र लिए और निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से किया जाए।
 
योगी ने इस अवसर पर लोगों से कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हर समस्या के प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
 
उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने का भी निर्देश दिया।