केरल में 2026 का चुनाव तीन मोर्चों के बीच आखिरी मुकाबला होगा: राजीव चंद्रशेखर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-04-2026
The 2026 elections in Kerala will be the last contest between the three fronts: Rajiv Chandrashekhar
The 2026 elections in Kerala will be the last contest between the three fronts: Rajiv Chandrashekhar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि 2026 का विधानसभा चुनाव केरल में तीन राजनीतिक मोर्चों के बीच आखिरी मुकाबला होगा।
 
नेमम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे चंद्रशेखर ने यहां पत्रकारों से कहा कि चुनाव के बाद राज्य में केवल दो राजनीतिक मोर्चे रह जाएंगे।
 
उन्होंने कहा, “एक ओर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) होगा और दूसरी ओर कांग्रेस-मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का गठबंधन, जो 27 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में मौजूद है। यह व्यवस्था यहां भी बनेगी।”
 
चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और माकपा के बीच कोई अंतर नहीं है।
 
उन्होंने कहा, “उनकी राजनीति, विचारधारा और कार्य रिकॉर्ड एक जैसा है। केरल अब द्विध्रुवीय राजनीति की ओर बढ़ रहा है और एक ध्रुव भारतीय जनता पार्टी नीत राजग होगा।”
 
राज्य के चुनावी परिणाम को लेकर उन्होंने कहा, “ हमने सभी 140 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं का विश्वास जीतने के लिए काम किया है। अब निर्णय जनता को करना है और उसका नतीजा चार मई को सामने आएगा।”
 
उन्होंने कहा कि उच्च मतदान दर लोगों की बढ़ती जागरुकता और अपने भविष्य को लेकर उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।