The decision to reduce excise duty on petrol by Rs 10 and abolish the duty on diesel is historic: Say
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डीजल पर उत्पाद शुल्क समाप्त करने और पेट्रोल पर 10 रुपये की कटौती करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है तथा इसे 140 करोड़ नागरिकों को सीधी राहत देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में उछाल से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया है और डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है।
वित्त मंत्रालय द्वारा 26 मार्च की देर रात जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि डीजल पर यह शुल्क पहले के 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि शुल्क में यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस निर्णय से देश के प्रत्येक परिवार, किसान, श्रमिक और मध्यमवर्ग को व्यापक राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में भी केंद्र सरकार द्वारा आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ न बढ़ने देना एक बड़ी संवेदनशील पहल है, जो आमजन के जीवन को सीधे प्रभावित करेगी।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए छत्तीसगढ़ की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।