The Capacity Building Commission will launch ‘Sadhana’ Week on April 2.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
क्षमता विकास आयोग (सीबीसी) बृहस्पतिवार को ‘साधना सप्ताह’ की शुरुआत करेगा, जो भारत की सिविल सेवा प्रणाली में सबसे बड़े सहयोगात्मक क्षमता निर्माण प्रयासों में से एक है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक ‘साधना’ (राष्ट्रीय उन्नति हेतु अनुकूल विकास और मानवीय क्षमता सशक्त करना) सप्ताह दो से आठ अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा।
सीबीसी शासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, नागरिक-केंद्रित और भविष्योन्मुखी बनाने हेतु रूपरेखा तैयार करता है, मानक निर्धारित करता है और सहयोग को प्रोत्साहित करता है। यह क्षमता निर्माण और योग्यता-आधारित शिक्षा के माध्यम से सिविल सेवा सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए मिशन ‘कर्मयोगी’ रूपरेखा (फ्रेमवर्क) का संरक्षक है।
इस पहल के तहत केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और संगठनों (एमडीओ), राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों और 250 से अधिक सिविल सेवा प्रशिक्षण संस्थानों (सीएसटीआई) को एक साझा राष्ट्रीय क्षमता निर्माण की कोशिश के तहत एक मंच पर लाया जाएगा।
बयान के मुताबिक ‘साधना’सप्ताह की शुरुआत नयी दिल्ली में डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में मिशन कर्मयोगी पर आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन के साथ होगी।