The Congress hatched every conceivable conspiracy to ensure that Babasaheb did not receive the ‘Bharat Ratna’: Yogi Adityanath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंगलवार को विपक्षी दलों, खासतौर से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि बाबा साहेब को ‘भारत रत्न’ न मिले, इसके लिए कांग्रेस ने ‘‘हर प्रकार से षड्यंत्र रचे।’’
योगी आदित्यनाथ ने यहां आंबेडकर महासभा परिसर में बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर आयोजित एक समारोह में उनके सिद्धांतों पर आधारित एक स्मारिका का लोकार्पण किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने बाबा साहेब को कभी सम्मान नहीं दिया, चुनाव लड़ने से वंचित करने का प्रयास किया और उन्हें भारत रत्न न मिले, इसके लिए उसने हर प्रकार के षड़यंत्र रचे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज वह (कांग्रेस) भी संविधान की प्रति लेकर भले ही घूम रही है, लेकिन इसकी वास्तविकता को समझने की आवश्यकता है।”
योगी ने कहा, “मुझे प्रसन्नता है कि बाबा साहेब की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कार्यक्रम अपने हाथ में लिया है। पहले चरण में सभी 75 जिलों में एक-एक स्थान पर और इसके बाद जहां बाबा साहब की प्रतिमाएं सार्वजनिक स्थानों पर हैं, वहां चारदीवारी और छतरी की व्यवस्था की जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज पूरा देश भारत माता के महान सपूत को स्मरण कर रहा है, जिनका जीवन “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को साकार करने और गरीबों को न्याय दिलाने के लिए समर्पित था।’’
उन्होंने कहा, “आज हर दलित, वंचित, गरीब और महिला न्याय की अपेक्षा रखती है और उसे बाबा साहेब के विचारों में रोशनी दिखाई देती है।”
विपक्षी दलों की सक्रियता पर तंज कसते हुए योगी ने कहा, “बाबा साहेब के विचारों का जो प्रकाश फैला है, उसे हड़पने के लिए स्वार्थी ताकतें उनके नाम का उपयोग कर रही हैं और घड़ियाली आंसू बहा रही हैं।”