The attackers and their masters will not be spared: Fadnavis on Tiger Shroff being shot
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि मुंबई पुलिस अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना में शामिल लोगों और उनके आकाओं का पता लगाएगी और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा कि पुलिस को आरोपियों की पहचान के संबंध में अहम सुराग मिले हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आरोपी महाराष्ट्र के बाहर, संभवत: विदेश से काम कर रहे हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस दूसरे राज्यों के साथ समन्वय करेगी और केंद्रीय एजेंसियों की मदद भी लेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हम उनके आकाओं का भी पता लगाएंगे, जो कहीं और छिपकर वहां से निर्देश देते हैं।’’
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
सोशल मीडिया में वायरल हुए एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस ने गोलीबारी के मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई है।