कश्मीर घाटी में पारा शून्य से नीचे, सोनमर्ग सबसे ठंडा स्थान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-12-2025
Temperature drops below zero in Kashmir Valley, Sonamarg coldest place
Temperature drops below zero in Kashmir Valley, Sonamarg coldest place

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
 
 
आसमान साफ होने के कारण कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पूरी घाटी में रात का पारा शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
 
मौसम विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि घाटी में नये साल के आसपास बारिश और बर्फबारी का एक और दौर शुरू होने की संभावना है।
 
अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.2 डिग्री सेल्सियस की तुलना में लगभग तीन डिग्री कम है।
 
मध्य कश्मीर का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोनमर्ग जम्मू कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यहां का तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
 
दक्षिण कश्मीर का पहलगाम पर्यटन स्थल, जो वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक है, शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं, उत्तर कश्मीर का प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
अन्य स्थानों में, काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री नीचे, कोकेरनाग में शून्य से 0.9 डिग्री नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कश्मीर में 29 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और नये साल के आसपास बारिश व बर्फबारी का अनुमान जताया है।
 
मौसम कार्यालय ने कहा कि 30 दिसंबर को कुछ स्थानों पर और 31 दिसंबर व एक जनवरी को कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। उत्तर और मध्य कश्मीर के कुछ मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी की भी संभावना है। इसके अनुसार दो जनवरी को कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।