आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) नीत राजग ने विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की व्यवस्था को सोमवार को अंतिम रूप दिया।
समझौते के अनुसार, भाजपा 27 सीट पर, पीएमके 18 सीट पर और एएमएमके 11 सीट पर चुनाव लड़ेगी।
अन्नाद्रमुक महासचिव के पलानीस्वामी ने यहां पार्टी मुख्यालय ‘पुरची थलाइवर एमजीआर मालीगई’ में संवाददाता सम्मेलन कहा कि अन्य सहयोगियों के साथ भी बातचीत जारी है और यह आज रात तक पूरी हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि गठबंधन के घटक दल जिन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ेंगे, उनके नाम जल्द ही तय कर लिए जाएंगे।
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को चुनाव होंगे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य घटक दलों में पूर्व केंद्रीय मंत्री जी के वासन के नेतृत्व वाली तमिल मनीला कांग्रेस (मूपनार) और इंडिया जननायक काची (आईजेके) शामिल हैं।
अन्नाद्रमुक कितनी सीट पर चुनाव लड़ेगी, इस बारे में पूछे जाने पर, पलानीस्वामी ने कहा कि कुछ पार्टियों के साथ बातचीत जारी है और इसे अंतिम रूप दिये जाने के बाद जानकारी साझा की जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के शीर्ष नेता अंबुमणि रामदास और अम्मा मक्कम मुनेत्र कषगम (एएमएमके) प्रमुख टीटीवी दिनाकरन की मौजूदगी में पलानीस्वामी ने विश्वास व्यक्त किया कि गठबंधन कुल 234 विधानसभा सीट में से कम से कम 210 सीट जीतेगा।
सीट बंटवारे के सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए दिल्ली जाने को लेकर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) द्वारा की गई आलोचना पर उन्होंने सवाल उठाया कि द्रमुक सांसद कनिमोझी ने हाल में दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात क्यों की।
उन्होंने आरोप लगाया कि अगर राजग नेता दिल्ली जाते हैं, तो मुख्यमंत्री एम के स्टालिन द्वारा उनके खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी करना एक आदत बन गई है।