Systematic 'theft' of votes under SIR, a conspiracy by the Centre and the Election Commission: Thirumavalavan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल तिरुमावलवन ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग (ईसी) पर सुनियोजित ‘‘वोट चोरी’’ का आरोप लगाते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद के दौरान एक ‘‘साजिश’’ के तहत राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को निशाना बनाकर मतदाता सूची से उनके नाम काटे जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 'इंडिया' गठबंधन द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए तिरुमावलवन ने मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में गड़बड़ी का दावा किया।
उन्होंने कहा, "केंद्र में सत्तारूढ़ सरकार और निर्वाचन आयोग एक सोची-समझी साजिश के तहत राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाकर मतदाता सूची से उनके नाम हटा रहे हैं और वोटों की सुनियोजित चोरी कर रहे हैं। मतदाताओं के नाम अनुपस्थित, स्थानांतरित, स्थान-परिवर्तित, या दोहरी प्रविष्टि जैसी श्रेणियों के तहत हटाए जा रहे हैं।"
लोकसभा सांसद ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का दुरुपयोग करके विपक्षी पार्टियों के समर्थकों, अल्पसंख्यक समुदायों और वंचित वर्गों के लोगों का मताधिकार छीना जा रहा है।