Suryavanshi's batting is incredible, he will prove himself if given a chance: Vengsarkar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी उनकी बेहतरीन ‘हैंड-आई कोऑर्डिनेशन’ के कारण बेहद खास और अविश्वसनीय नजर आती है।
राष्ट्रीय चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष वेंगसरकर को उम्मीद है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम में पदार्पण का मौका मिलने पर सूर्यवंशी उसका पूरा फायदा उठाएंगे।
मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) की टीम के साथ ब्रिटेन दौरे पर मौजूद वेंगसरकर ने पीटीआई से विशेष बातचीत में कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि वैभव को मौका मिलेगा और जब भी मिलेगा, वह उसे पूरी तरह भुनाएगा। वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और उसकी बल्लेबाजी वाकई हैरत में डालने वाली है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उसमें अपार क्षमता है। वह कुछ ऐसे शॉट खेलता है, जिन पर यकीन करना मुश्किल होता है। उसकी बल्लेबाजी की शैली बिल्कुल अलग है। शानदार ‘बैट स्विंग’ और ‘हैंड-आई कोऑर्डिनेशन’ की बदौलत वह आसानी से गेंद को मैदान के बाहर पहुंचा सकता है। टी20 क्रिकेट में उसने शानदार प्रदर्शन किया है।’’
सूर्यवंशी के टेस्ट क्रिकेट में भविष्य के बारे में पूछे जाने पर वेंगसरकर ने कहा, ‘‘ मैंने उसे लंबे प्रारूप में खेलते नहीं देखा है। लेकिन मुझे विश्वास है कि मौका मिलने पर वह वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’
उन्होंने सूर्यवंशी को महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा, ‘‘ तेंदुलकर अपनी उम्र से कहीं अधिक परिपक्व नजर आते थे। वह शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेलने के लिए मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार थे और इसी वजह से उनका चयन हुआ था।’’