Suresh is ready to take over as KPCC president, saying he enjoys wide acceptance within the party.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और आठ बार के सांसद कोडिकुन्निल सुरेश ने केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर जारी चर्चा के बीच बृहस्पतिवार को पार्टी में अपने संगठनात्मक अनुभव और व्यापक स्वीकार्यता का उल्लेख किया।
केरलम में कांग्रेस के प्रमुख दलित चेहरों में शामिल सुरेश से खुद के नए अध्यक्ष पद की दौड़ में होने के बारे में सवाल किया गया।
मावेलिक्करा से सांसद सुरेश ने कहा कि इस बारे में फैसला पूरी तरह कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को करना है जो उचित समय पर घोषणा करेगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस जिम्मेदारी को संभालने के इच्छुक हैं, सुरेश ने कहा कि पार्टी के सभी वर्गों में उन्हें स्वीकार्यता हासिल है और अतीत में उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई, उसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह सांसद, केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव, नेहरू युवा केंद्र के उपाध्यक्ष और कांग्रेस संसदीय दल के सचिव रह चुके हैं। उन्होंने 12 साल तक सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस संसदीय दल के सचिव के रूप में काम किया और फिलहाल राहुल गांधी के साथ मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "सांसदों या अन्य नेताओं की ओर से मेरे खिलाफ कोई शिकायत नहीं है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी मेरे काम से संतुष्ट हैं।"
सुरेश ने कहा कि केपीसीसी अध्यक्ष का चयन करते समय कांग्रेस समुदायों के प्रतिनिधित्व और पार्टी में व्यापक स्वीकार्यता जैसे पहलुओं पर भी विचार करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी प्रासंगिक पहलुओं पर विचार किया है और किसी को भी दरकिनार नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे स्वयं दलित समुदाय से आते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्गों के लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए कांग्रेस ने ही उन्हें विभिन्न पदों पर अवसर दिए हैं।
सुरेश मंदिर प्रवेश घोषणा की 90वीं वर्षगांठ के अवसर पर श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।