'Modinomics' is driving India's economic transformation: Civil Aviation Minister Rammohan Naidu
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बृहस्पतिवार को पिछले 12 वर्षों से अधिक समय में भारत की वृद्धि को ‘‘मोदिनॉमिक्स’’ से प्रेरित बताते हुए कहा कि देश आज अपनी आर्थिक यात्रा के निर्णायक मोड़ पर खड़ा है।
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित दो दिवसीय सीआईआई साझेदारी सम्मेलन के 31वें संस्करण के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि दुनिया को देशों के बीच भरोसे, सरकारों और उद्योगों के बीच विश्वास तथा ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो अनिश्चितता को अवसर में बदल सके।
नायडू ने कहा, ‘‘आज भारत अपनी आर्थिक यात्रा के निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी, तेजी से बढ़ते डिजिटल परिवेश और विनिर्माण, प्रौद्योगिकी तथा नवाचार के क्षेत्र में बढ़ती क्षमताओं के साथ भारत एक वैश्विक ताकत के रूप में उभर रहा है।’’
उन्होंने आज भारत में दिख रहे आत्मविश्वास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मजबूत और निर्णायक’’ नेतृत्व को दिया।
नायडू ने कहा, ‘‘आज दुनिया भारत की बात कर रही है और उसकी आर्थिक वृद्धि, मजबूती तथा बढ़ते वैश्विक आत्मविश्वास को पहचान रही है। यहां मैं जिस शब्द का इस्तेमाल करना चाहता हूं, वह है ‘मोदिनॉमिक्स’ (मोदी+इक्नॉमिक्स)। दुनिया ने अर्थशास्त्र देखा है, लेकिन भारत में आज इस वृद्धि के जरिये जो दिख रहा है, वह मोदिनॉमिक्स है।’’
उन्होंने कहा कि इन चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद मोदी ने देश को आत्मविश्वास, प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाया है।