स्टालिन ने प्रधानमंत्री से किया जल जीवन मिशन का 3,112 करोड़ रुपये की बकाया राशि जारी करने का आग्रह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-03-2026
Stalin urges PM to release Rs 3,112 crore dues of Jal Jeevan Mission
Stalin urges PM to release Rs 3,112 crore dues of Jal Jeevan Mission

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राज्य में ‘जल जीवन मिशन’ योजनाओं को पूरा करने के लिए लंबित 3,112 करोड़ रुपये की बकाया राशि जारी करने का शुक्रवार को अनुरोध किया।
 
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में स्टालिन ने कहा कि हाल ही में जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने संकेत दिया है कि होगेनक्कल संयुक्त जल आपूर्ति योजना के तीसरे चरण के लिए केंद्र की सहायता प्रदान नहीं की जा सकती।
 
उन्होंने कहा कि ऐसा तब किया जा रहा है जब इस परियोजना को जून 2023 में मंजूरी मिल चुकी है।
 
स्टालिन ने कहा, ‘‘ इस योजना को 15 जून 2023 को जल शक्ति मंत्रालय की राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समिति में 8,428 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई थी। इसमें केंद्र सरकार का ‘जल जीवन मिशन’ के तहत 2,283 करोड़ रुपये का हिस्सा शामिल है।’’