'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने शुरुआती सप्ताहांत की कमाई में 'एवेंजर्स: एंडगेम' का रिकॉर्ड तोड़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-08-2026
'Spider-Man: Brand New Day' breaks 'Avengers: Endgame' opening weekend record
'Spider-Man: Brand New Day' breaks 'Avengers: Endgame' opening weekend record

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने उत्तरी अमेरिका में शुरुआती सप्ताहांत की टिकट बिक्री के मामले में 'एवेंजर्स: एंडगेम' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
 
सोनी पिक्चर्स ने बताया कि अमेरिका और कनाडा के सिनेमाघरों में पहले सप्ताहांत में फिल्म की 36 करोड़ अमेरिकी डॉलर की टिकट बिकी हैं, जो उत्तरी अमेरिका में किसी भी फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी शुरुआती सप्ताहांत की कमाई है।
 
सोनी ने रविवार को अनुमान लगाया था कि 4,487 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई यह फिल्म पहले सप्ताहांत में लगभग 35.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कमाई करेगी, जो वर्ष 2019 में 'एवेंजर्स: एंडगेम' द्वारा बनाए गए 35.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे होती।
 
लेकिन, अभिनेता टॉम हॉलैंड अभिनीत 'स्पाइडर-मैन' शृंखला की चौथी फिल्म ने रविवार को उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया और अंततः 'एवेंजर्स: एंडगेम' का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
 
सोनी पिक्चर्स मोशन पिक्चर ग्रुप के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम रोथमैन ने सोमवार को जारी बयान में कहा, ‘‘रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं, लेकिन जब तक यह रिकॉर्ड हमारे नाम रहेगा, हमें इस पर गर्व रहेगा।’’
 
'एवेंजर्स: एंडगेम' से पहले किसी भी फिल्म ने उत्तरी अमेरिका में शुरुआती सप्ताहांत में 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की कमाई नहीं की थी।
 
इससे पहले 'एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर' ने वर्ष 2018 में 25.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर और 'स्टार वार्स: द फोर्स अवेकेन्स' ने वर्ष 2015 में 24.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर की शुरुआती कमाई की थी।