आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने मंगलवार को दावा किया कि अयोध्या राम मंदिर में हुई "लूट" और नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई से उपजे गुस्से ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार तय की।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट जीत ली। यह सीट 1995 से भाजपा का गढ़ रही है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सीट छोड़ने के बाद यहां उपचुनाव कराना पड़ा था।
किशोर ने अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार को 19,324 वोटों के अंतर से हराया।
राउत ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन और उसके बाद युवा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई, अयोध्या राम मंदिर में हुई "लूट" और इन मुद्दों पर भाजपा नेतृत्व की चुप्पी, बांकीपुर में भाजपा की हार के कारण बने।
उन्होंने दावा किया कि लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के दौरान हिंदू देवता हनुमान के वेश में एक कलाकार का भाजपा का झंडा लहराते हुए नृत्य करने का वीडियो लोगों की भावनाओं को आहत कर गया।
राज्यसभा सदस्य ने कहा कि उपचुनाव के नतीजों ने विपक्ष का आत्मविश्वास बढ़ाया है।
राउत ने यह भी याद दिलाया कि 2018 में भाजपा गोरखपुर लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी से हार गई थी। यह सीट उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच बार प्रतिनिधित्व करने के बाद खाली की थी।
उन्होंने दावा किया कि इस हफ़्ते मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के साथ 'जेन-जेड' की बातचीत में जो लोग शामिल होंगे, वे भाजपा नेताओं या संघ के प्रतिनिधियों के बच्चे या पोते-पोतियां होंगे।