स्पाइसजेट के निदेशक मंडल ने 5,500 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को दी मंजूरी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-11-2026
SpiceJet board approves proposal to raise Rs 5,500 crore
SpiceJet board approves proposal to raise Rs 5,500 crore

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वित्तीय संकट से जूझ रही एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट के निदेशक मंडल ने बुधवार को कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
 
स्पाइसजेट वित्तीय और परिचालन संबंधी कई चुनौतियों का सामना कर रही है।
 
कंपनी ने बयान में कहा कि बुधवार को हुई निदेशक मंडल की बैठक में संभावित नए निवेशकों के साथ निवेश को लेकर चल रही बातचीत की जानकारी दी गई।
 
बयान के अनुसार, निदेशक मंडल ने कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने, परिचालन क्षमता बढ़ाने और एयरलाइन को फिर से पटरी पर लाने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
 
निदेशक मंडल ने प्रबंधन को इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम करने का निर्देश भी दिया है।
 
बयान में कहा गया, ‘‘प्रस्तावित पूंजी जुटाने की प्रक्रिया इक्विटी और अन्य वित्तीय माध्यमों से पूरी की जा सकती है। इसके लिए जरूरी मंजूरियां लेनी होंगी।’’
 
इसके अलावा, निदेशक मंडल ने कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके लिए शेयरधारकों और नियामकीय मंजूरी लेनी होगी।
 
स्पाइसजेट ने कहा कि वह बेहद चुनौतीपूर्ण माहौल में परिचालन कर रही है। भू-राजनीतिक घटनाक्रम और हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों से उसके परिचालन पर दबाव पड़ा है।