आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जब राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में अजित अगरकर का कार्यकाल आधिकारिक तौर पर समाप्त हुआ था तब भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उम्मीद जताई थी कि इतिहास मुंबई के इस पूर्व तेज गेंदबाज के प्रति अधिक उदार रहेगा। अगरकर ने अपने साहसिक फैसलों से भारतीय क्रिकेट में काफी बदलाव लाने का प्रयास किया था।
भारत के मुख्य कोच गंभीर शायद अगरकर की स्थिति को अच्छी तरह समझ सकते हैं। आखिरकार वह भी भारतीय क्रिकेट में अपने हर छोटे-बड़े फैसले को लेकर बारीकी से की जाने वाली समीक्षा से भलीभांति परिचित हैं। देश के सबसे लोकप्रिय खेल में जब भी चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं होतीं तो अक्सर सबसे पहले उन्हें ही निशाने पर लिया जाता है।
गंभीर के पूर्व साथी और करीबी मित्र विजय दहिया ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘‘वह बेहद जुनूनी इंसान हैं। उनके लिए बीच का कोई रास्ता नहीं है। उनके लिए या तो सब कुछ काला है या सफेद।’’
दहिया से पूछा गया था कि क्या मुख्य कोच को सार्वजनिक आलोचना के बीच उचित सम्मान नहीं मिल रहा है।
गंभीर अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर करने के लिए जाने जाते हैं। वह अपने फैसलों का पूरी मजबूती से समर्थन करते हैं।
दहिया ने कहा, ‘‘जब गौतम दिल्ली या कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे और बाद में मेंटर बने तब भी उनका एक ही लक्ष्य रहता था कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसे पूरा किया जाए। लोग उन्हें पर्याप्त श्रेय दें या नहीं, उन्हें इस बात की परवाह नहीं होती।’’
वह दौर अब बीत चुका है जब सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ी विभिन्न प्रारूपों में छह से लेकर 10 ओवर तक गेंदबाजी करके मुख्य गेंदबाजों का बोझ कम किया करते थे।
गेंदबाजी में इस तरह की विविधता अब भारतीय टीम के पास नहीं है। ऐसे में गंभीर ऐसे टीम संयोजन को प्राथमिकता देते हैं जिसमें बल्लेबाजी क्रम में काफी गहराई हो।