आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के शबरिमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर और अन्य तीर्थस्थलों पर मंडलम तीर्थयात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए 1,000 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है।
‘विशुद्धि सेना’ के नाम से पहचाने जाने वाले इन सफाईकर्मियों को स्वच्छता सोसाइटी ने तैनात किया है। इनका काम निलक्कल, पंपा, सन्निधानम (मंदिर परिसर) और अन्य तीर्थस्थलों को साफ-सुथरा रखना तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
एक बयान के अनुसार, पत्तनमथिट्टा के जिलाधिकारी ए निजामुद्दीन की अध्यक्षता वाली सोसाइटी इस अभियान का समन्वय कर रही है। अडूर के राजस्व मंडल अधिकारी (आरडीओ) इसके सदस्य सचिव हैं।
कुल 1,000 सफाईकर्मियों में से 300 को सन्निधानम, 250 को पंपा, 420 को निलक्कल, 20 को पंडालम और 10 को कुलनाडा में तैनात किया गया है। ये सफाई और कचरा प्रबंधन का काम संभालेंगे।
बयान में कहा गया है कि इनमें से अधिकतर सफाईकर्मी अयप्पा सेवा संघम की मदद से तमिलनाडु के सेलम से आए हैं। उनकी मुख्य जिम्मेदारी शबरिमला और आसपास के इलाकों से प्लास्टिक तथा जैव अपघटनीय कचरे को समय पर एकत्र करना और हटाना है।