आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विमान विनिर्माता कंपनी बोइंग ने कहा है कि दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की विमानन कंपनियों को अपने बेड़े के विस्तार और पुराने विमानों को बदलने के लिए वर्ष 2045 तक 4,985 नए वाणिज्यिक विमानों की जरूरत होगी।
इस क्षेत्र में हवाई यात्री यातायात अगले 20 वर्षों में सालाना 6.7 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है, जो इस क्षेत्र के लिए अनुमानित 4.1 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर से अधिक होगा।
हालांकि, बोइंग की 'कमर्शियल मार्केट आउटलुक' रिपोर्ट के इन आंकड़ों में भारत और चीन शामिल नहीं हैं।
बोइंग के प्रबंध निदेशक (विपणन) डेविड शुल्टे ने यहां 'एसोसिएशन ऑफ एशिया पैसिफिक एयरलाइंस' (एएपीए) के अध्यक्षों की 70वीं बैठक में कहा कि बढ़ती आय, पर्यटन और संपर्क बढ़ने से दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में हवाई यात्रा की दीर्घकालिक मांग को समर्थन मिल रहा है।
बोइंग ने कहा, ''इस क्षेत्र की एयरलाइंस को बेड़े के विस्तार और पुराने विमानों को बदलने के लिए 2045 तक 4,985 नए वाणिज्यिक विमानों की जरूरत होगी।''
बोइंग ने कहा कि अनुमानित 4,985 विमानों में लगभग 81 प्रतिशत यानी 4,080 'सिंगल-आइल' (संकरे आकार के) विमान होंगे, जबकि 880 चौड़े आकार के विमान और 25 मालवाहक विमान होंगे।