Over 5,000 policemen will be deployed in Delhi for Chhath Puja.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में 15 और 16 नवंबर को छठ पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी और इसके लिए 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यमुना घाटों, तालाबों और उन स्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से मजबूत की जाएगी, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और शाहदरा जिलों के इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्र होने की उम्मीद है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों के पुलिस उपायुक्तों ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर चर्चा करने के लिए छठ पूजा आयोजकों और स्थानीय समितियों के सदस्यों के साथ बैठकें की हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में पैदल, पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) कारों और मोटरसाइकिलों के जरिए गश्त की जाएगी।
पंद्रह नवंबर को शाम के अर्घ्य और 16 नवंबर को सुबह के अनुष्ठानों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने की संभावना है।