Soren paid tribute to the deceased girl, whose organs were donated by her parents.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केरल की उस बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम को श्रद्धांजलि दी, जिसके माता-पिता ने उसकी मृत्यु के बाद उसके अंगदान कर दिए थे।
सोरेन ने कहा कि बच्ची अमर हो गई है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य की अंगदान नीति को सुदृढ़ करने के लिए सभी कदम उठाएगी। सोरेन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोना सबसे असहनीय क्षण होता है।
सोरेन ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में, श्रीमती शेरिन एन. जॉन और श्री अरुण अब्राहम का अपनी प्रिय बच्ची के अंगों को दान करने का निर्णय साधारण नहीं, बल्कि असाधारण साहस, त्याग और करुणा का उदाहरण है। यह केवल अंगदान नहीं था; यह मानवता में उनके अटूट विश्वास का जीता-जागता प्रमाण था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि आलिन का जीवन अल्प था, लेकिन आज वह कई घरों में आशा की किरण बनकर जीवित है और अमर हो गई है।’’
झारखंड के मुख्यमंत्री ने बच्ची के अंतिम संस्कार में राजकीय सम्मान दिये जाने को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सराहना की।