तेलंगाना में किए वादों पर सोनिया गांधी रुख स्पष्ट करें: केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-12-2025
Sonia Gandhi should clarify her stand on the promises made in Telangana: Union Minister Kishan Reddy
Sonia Gandhi should clarify her stand on the promises made in Telangana: Union Minister Kishan Reddy

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से तेलंगाना में किसानों और अन्य वर्गों से किए गए वादों पर पार्टी का रुख स्पष्ट करने का रविवार को आग्रह किया।

रेड्डी ने एक खुले पत्र में याद दिलाया कि 2023 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान गांधी ने कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र ‘अभयहस्तम’ जारी किया था और राज्य की जनता को व्यक्तिगत रूप से आश्वासन दिया था कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर छह गारंटियों को तुरंत लागू किया जाएगा।
 
केंद्रीय मंत्री ने लिखा, “कांग्रेस पार्टी ने चुनाव जीता और अब सत्ता में रहते हुए दो वर्ष पूरे कर चुकी है। इस दौरान क्या आपने कभी उस घोषणापत्र की स्थिति की समीक्षा की या उसके बारे में जानकारी ली, जिसका वादा आपने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर तेलंगाना की जनता से किया था? क्या आपने हाल में मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान यह मुद्दा उठाया?”
 
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा हाल में सोनिया गांधी को ‘तेलंगाना राइजिंग–2047 विजन डॉक्यूमेंट’ सौंपे जाने का जिक्र करते हुए किशन रेड्डी ने कहा कि खबरों के अनुसार, सोनिया गांधी ने दो वर्षों में सरकार के प्रदर्शन की सराहना की और राज्य के विकास को लेकर मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण की प्रशंसा भी की।