सिन्हा ने पुन: जदयू अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नीतीश कुमार को बधाई दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-03-2026
Sinha congratulated Nitish Kumar on being re-elected as JDU president.
Sinha congratulated Nitish Kumar on being re-elected as JDU president.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का पुन: राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी और राज्य में उनकी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की प्रशंसा की।
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को जदयू के अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए क्योंकि पार्टी के इस शीर्ष पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
 
दिसंबर 2023 में ललन सिंह के इस्तीफा देने के बाद से कुमार (75) पार्टी अध्यक्ष पद पर आसीन थे। वह हाल में राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुए हैं।
 
सिन्हा ने यहां प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘नीतीश कुमार को पुन: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर मेरी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं। यह राजग सरकार के प्रमुख के रूप में उनके 21 वर्षों के विकासात्मक कार्यों का प्रमाण है।’’
 
यह प्रेसवार्ता बिहार की नयी राजग सरकार के पहले 100 दिनों में सिन्हा के विभाग द्वारा किये गये कामकाज को लोगों के सामने रखने के लिए बुलायी गयी थी। सिन्हा के पास शहरी विकास एवं आवास विभाग है।
 
सिन्हा ने कहा, “नीतीश कुमार के प्रयासों से बिहार का सम्मान बढ़ा है एवं राज्य में शांति आई है। उन्होंने अपराध और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए प्रयास किए हैं। जन कल्याण के प्रति उनका समर्पण निश्चित रूप से हर बिहारी को प्रेरित करेगा।”
 
उन्होंने हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टिप्पणी करने को लेकर विपक्षी नेताओं-- राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल की कड़ी आलोचना की।
 
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भारत की विदेश नीति ‘मोदी की निजी विदेश नीति’ बन गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री 2026 के बाद अपने पद पर बने रहने में सक्षम नहीं हो सकते।
 
बिहार के उपमुख्यमंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता की टिप्पणियों को ‘बचकाना’ और ‘गैरजिम्मेदाराना’ बताया।