Sikkim: Traffic on National Highway 10 will be restricted for eight hours from October 29 to November 4.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सिक्किम में रंगपो और रानीपूल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के एक हिस्से पर आपातकालीन कार्यों को लेकर यातायात 29 अक्टूबर से चार नवंबर तक हर रात आठ घंटों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
‘नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (एनएचआईडीसीएल) द्वारा जारी किये गये आदेश में कहा गया है कि यह पाबंदी रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगी।
एनएचआईडीसीएल ने कहा कि दोनों तरफ यातायात को सुचारू बनाने के लिए यह प्रतिबंध आवश्यक है।
हल्के वाहनों को रंगपो-डुगा-पेंडम-सिंगतम मार्ग या मामरिंग-नामथांग-सिंगतम-गंगटोक मार्ग लेने की सलाह दी गई है। यह भी सुझाव दिया गया है कि सभी तरह के वाहनों के लिए एक वैकल्पिक मार्ग रंगपो-रोराथांग-पाकयोंग-गंगटोक भी होगा।
जिला प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि वह वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए यातायात-नियमन के आवश्यक प्रबंध करे।