श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक आज : ट्रस्ट अध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-07-2026
Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust holds crucial meeting today
Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust holds crucial meeting today

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर उठे विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सोमवार को होने जा रही अहम बैठक से ऐन पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि वह इस घटना से 'बहुत आहत' हैं और उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस 'पाप' में शामिल लोगों को 'कड़ी से कड़ी' सजा दिलाएंगे।

राम जन्मभूमि परिसर के अंदर अतिथिगृह में अपराह्न तीन बजे होने वाली इस बैठक में मंदिर से चढ़ावा की कथित चोरी की जांच और ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा के इस्तीफे के मुद्दों पर अहम चर्चा होने की सम्भावना है।
 
इस बैठक से ऐन पहले अपने एक बयान में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने राम मंदिर से चढ़ावा चोरी पर खुद को 'काफी आहत' बताते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों को 'कड़ी से कड़ी सजा' देने की मांग की।
 
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वे ''हर व्यक्ति को जो भी इस पाप से जुड़ा हुआ है, उसको सजा दिलाएंगे।''
 
दास ने यह भी कहा कि यह मामला ''करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रश्न है और इसमें किसी भी व्यक्ति को अपने निजी लाभ के लिए राजनीति नहीं करनी चाहिये।''
 
सूत्रों के मुताबिक गत 29 जून को सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण की शिकायत पर महंत नृत्यगोपाल दास को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि उन्हें गत तीन जुलाई को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है, लेकिन उनके सोमवार को ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने की सम्भावना नहीं है और इसकी कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है।