Shiv Sena (UBT) will provide assistance of Rs 50,000 each to the families of distressed farmers in Chandrapur.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में आत्महत्या करने वाले चार किसानों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
शिवसेना (यूबीटी) की जिला इकाई के प्रमुख संदीप गिरहे ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी के प्रतिनिधि मृतक किसानों के घर जाकर उनके परिजनों को सहायता राशि सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि पार्टी जिले के करीब 20 जरूरतमंद किसानों को भी 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देगी।
गिरहे ने कहा कि महाराष्ट्र इस समय भीषण सूखे का सामना कर रहा है और किसानों को भारी नुकसान हुआ है। इसके कारण कुछ किसान बेहद बदहाल स्थिति में पहुंच गए हैं।
उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए पार्टी ने नवरात्रि और दिवाली के अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं, ताकि इन आयोजनों के लिए निर्धारित धनराशि का इस्तेमाल किसानों की मदद के लिए किया जा सके।