आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली सरकार पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक निजी स्कूल का प्रबंधन अपने हाथ में ले सकती है, क्योंकि स्कूल परिसर में तीन साल की बच्ची के साथ कथित बलात्कार के मामले में स्कूल प्रशासन को जारी कारण बताओ नोटिस का अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बाल सुरक्षा, पर्यवेक्षण और वैधानिक मानदंडों के अनुपालन में गंभीर खामियों का हवाला देते हुए, शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने आठ मई को स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया, जिसमें चेतावनी दी गई कि संतोषजनक जवाब देने में विफल रहने पर दिल्ली स्कूल शिक्षा अधिनियम और नियम (डीएसईएआर) के प्रावधानों के तहत उसकी मान्यता रद्द की जा सकती है और प्रबंधन अपने हाथ में लिया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि स्कूल अधिकारियों को जवाब दाखिल करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था। हालांकि, शिक्षा विभाग को अभी तक जवाब नहीं मिला है और विभाग बाल सुरक्षा उपायों में कथित कमियों के लिए स्कूल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने की योजना बना रहा है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची की मां ने एक मई को जनकपुरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आरोप लगाया गया कि उनकी बेटी के स्कूल में दाखिले के दूसरे दिन 30 अप्रैल को स्कूल में उसका यौन उत्पीड़न किया गया।
इस संबंध में स्कूल के 57 वर्षीय कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि घर लौटने के बाद बच्ची ने दर्द की शिकायत की और बाद में अपनी मां को बताया कि उसे स्कूल के अंदर एक सुनसान इलाके में ले जाया गया था, जहां आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।