Security tightened around Jantar Mantar after Sonam Wangchuk was taken to hospital
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार को अस्पताल ले जाए जाने के दौरान थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी, जिसके बाद जंतर-मंतर और आसपास के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
वांगचुक को शनिवार को उनके अनशन के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका जा सके।
प्रदर्शनकारियों और आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर अवरोधक लगाए गए हैं तथा प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) सचिन शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘ दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों, उनकी स्वास्थ्य स्थिति और चिकित्सकों की सलाह के अनुरूप सोनम वांगचुक को आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख और उपचार के लिए उपयुक्त सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।’’