गुवाहाटी, 18 सितंबर (भाषा) — असम इस साल बाढ़ की दूसरी लहर की चपेट में है, जहाँ भारी बारिश के बाद पाँच ज़िलों में करीब 50,000 लोग प्रभावित हुए हैं। यह जानकारी एक आधिकारिक रिपोर्ट में दी गई है।
गोलाघाट, कछार, सोनितपुर, नगांव और बिश्वनाथ ज़िले बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं। इनमें गोलाघाट ज़िला सबसे गंभीर स्थिति में है, जहाँ 32,217 लोग प्रभावित हुए हैं। सोनितपुर में 13,409 लोगों पर असर पड़ा है। यह आंकड़े असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के बुलेटिन में जारी किए गए हैं।
सिवसागर में दिक्हौ, गोलाघाट में धंसिरी, कछार में बराक और श्रीभूमि में कुशियारा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में 29 राहत शिविर खोले हैं, जहाँ 8,131 लोगों ने शरण ली है। इसके अलावा 19,162 राहत वितरण केंद्र भी सक्रिय हैं।
हालांकि इस बार की लहर में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन अब तक इस साल बाढ़ से 32 लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है।रिपोर्ट के मुताबिक, 4,632 हेक्टेयर फसल क्षेत्र बाढ़ की चपेट में है, जबकि 14,861 पशु प्रभावित हुए हैं।