जम्मू कश्मीर विधानसभा में हंगामा; विपक्षी सदस्यों ने जम्मू में एनएलयू की स्थापना की मांग उठाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-02-2026
Ruckus erupts in Jammu and Kashmir Assembly; opposition members raise demand for establishment of NLU in Jammu
Ruckus erupts in Jammu and Kashmir Assembly; opposition members raise demand for establishment of NLU in Jammu

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जम्मू कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को उस समय हंगामा हुआ जब विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू के लिए एक राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) की मांग उठाई और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) एवं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने केंद्र शासित प्रदेश के बाहर कश्मीरियों के कथित उत्पीड़न की घटनाओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
 
विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठेर ने हंगामे के बावजूद प्रश्नकाल जारी रखा और देश के अन्य हिस्सों में कश्मीरियों के खिलाफ हुई ‘‘घृणा अपराध’’ की घटनाओं पर चर्चा करने के लिए पीडीपी विधायक वहीद उर रहमान पारा द्वारा लाए गए स्थगन प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
 
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने जम्मू विश्वविद्यालय के उन छात्रों का मुद्दा उठाया जो कानून विश्वविद्यालय की मांग के समर्थन में सड़कों पर उतरे हुए हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम कश्मीर के लिए एनएलयू प्रदान करने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन हम जम्मू के लिए भी ऐसा ही एक विश्वविद्यालय चाहते हैं ताकि इस क्षेत्र के छात्रों की मांग पूरी हो सके।’’
 
सलाथिया जब अपनी बात रख रहे थे तब भाजपा के अन्य विधायकों ने भी उनकी मांग के समर्थन में खड़े हो कर तख्तियां दिखाईं तथा ‘‘जम्मू के लिए एनएलयू’’ जैसे नारे लगाए।