रोहित पौडेल ने नेपाल के लिए अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों की मांग की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-02-2026
Rohit Paudel calls for more international matches for Nepal
Rohit Paudel calls for more international matches for Nepal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के अपने शुरुआती मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने मंगलवार को टीम के लिए और अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मांग की।
 
नेपाल पिछले टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका से केवल एक रन से हारा था। वह मौजूदा टूर्नामेंट में इंग्लैंड जैसे टेस्ट खेलने वाले देश को हराने के बेहद करीब पहुंच गया था। टीम को हालांकि वानखेड़े स्टेडियम में केवल चार रन से शिकस्त झेलनी पड़ी।
 
पौडेल ने कहा, “दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप मैच के बाद हमें टेस्ट खेलने वाले देशों में केवल वेस्टइंडीज के खिलाफ एक श्रृंखला खेलने का मौका मिला। पिछले दो साल में हमें उस तरह का अनुभव नहीं मिला जिसकी हमें उम्मीद थी। अच्छे टीमों के खिलाफ खेलना और अपनी काबिलियत को परखना हमारे लिए बहुत जरूरी है।”
 
उन्होंने आगे कहा, “अगर हमें नियमित रूप से उनके खिलाफ खेलने का अवसर मिले (शायद एक साल में  एक या दो श्रृंखला) तो हम खुद को बेहतर तरीके से परख सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि इस विश्व कप के बाद यह बदल जाएगा।”
 
पौडेल ने कहा कि अगर ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड या भारत जैसे देश नेपाल दौरे पर आए तो इसका उनके क्रिकेट के लिए बड़ा महत्व होगा।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत मायने रखेगा, खासकर अगर भारत, ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड की टीम नेपाल आए। इससे विश्व क्रिकेट में यह संदेश जाएगा कि नेपाल भी क्रिकेट खेलता है और अच्छा क्रिकेट खेलता है। पिछला विश्व कप हमने ठीक-ठाक खेला था, लेकिन इस बार हम और भी मजबूत होकर लौटे हैं।  हमारा क्रिकेट बढ़ेगा और यह खेल की वैश्विक लोकप्रियता को बढायेगा।’’