नेपाल में नतीजे मतगणना के 24 घंटों के भीतर घोषित किए जाएंगे: कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-02-2026
Results in Nepal will be declared within 24 hours of counting: Acting Chief Election Commissioner
Results in Nepal will be declared within 24 hours of counting: Acting Chief Election Commissioner

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
नेपाल के कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने सोमवार को कहा कि पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव के नतीजे मतपत्रों की गणना के 24 घंटे के भीतर जारी कर दिए जाएंगे।

हिमालयी देश में कुल 1.89 करोड़ पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों का चुनाव करेंगे।
 
इनमें से 165 सांसदों का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से होगा जबकि 110 सांसदों का चुनाव आनुपातिक मतदान प्रणाली के तहत होगा, जो संसद में अल्पसंख्यकों व छोटे दलों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करती है।
 
भंडारी ने एक निजी समाचार एजेंसी को बताया कि आयोग मतपेटियों को एकत्रित करते ही मतगणना शुरू करने की योजना बना रहा है।
 
उन्होंने बताया कि आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत परिणाम घोषित करने में एक या दो दिन लग सकते हैं जबकि प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के परिणाम मतपत्र संग्रह के 24 घंटों के भीतर घोषित कर दिए जाएंगे।
 
आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत सदन के 275 सदस्यों में से 110 सदस्यों का चुनाव देश भर में राजनीतिक दलों द्वारा प्राप्त कुल मतों के आधार पर किया जाता है।