गठबंधन में चुनाव लड़ने की खबरें गुमराह करने वाली ‘फेक न्यूज’ : बसपा प्रमुख मायावती

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-02-2026
Reports of contesting elections in alliance are misleading 'fake news': BSP chief Mayawati
Reports of contesting elections in alliance are misleading 'fake news': BSP chief Mayawati

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आगामी विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने की खबरों को गुमराह करने की नीयत से फैलायी जा रही ‘फेक न्यूज’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी अगला चुनाव अपने बलबूते ही लड़ेगी।
 
मायावती ने यहां ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि इस तरह की खबरें फैलायी जा रही हैं कि बसपा उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ेगी। इसकी आम चर्चा है जो विशुद्ध रूप से लोगों को गुमराह करने की नीयत से फैलायी जा रही ‘फेक न्यूज’ है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह बिल्कुल गलत, झूठ, हवा-हवाई एवं मनगढ़ंत खबर है। ऐसे में नेताओं के साथ-साथ मीडिया को भी इस प्रकार की खबरों से बचना चाहिए।’’
 
मायावती ने दिल्ली में हो रही ‘एआई समिट’ पर भी परोक्ष रूप से तंज किया और कहा, ‘‘व्यापक देशहित और जनहित की कड़वी हकीकत के बारे में देश व दुनिया को जागृत करके लोकतंत्र एवं संविधान को मजबूती प्रदान करने के बजाय इन दिनों ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (कृत्रिम मेधा) को सफलता की कुंजी बताने वाली स्वार्थी चर्चाएं हो रही हैं। इस बीच मीडिया जगत में भी किसी न किसी बहाने बसपा के बारे में यह चर्चा है कि पार्टी उत्तर प्रदेश में विधानसभा का अगला चुनाव गठबंधन में लड़ेगी। यह बिल्कुल झूठ है।’’