रिन्यू की आंध्र प्रदेश में 29,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-11-2026
ReNew plans to invest Rs 29,500 crore in Andhra Pradesh
ReNew plans to invest Rs 29,500 crore in Andhra Pradesh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी रिन्यू ने आंध्र प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी दो परियोजनाओं में 29,500 करोड़ रुपये का निवेश करने की सैद्धांतिक प्रतिबद्धता जताई है।
 
सीआईआई साझेदारी सम्मेलन से इतर आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश और रिन्यू के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुमंत सिन्हा के बीच बृहस्पतिवार को यहां हुई बैठक के दौरान यह घोषणा की गई।
 
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘रिन्यू ने दो प्रमुख परियोजनाओं के जरिये आंध्र प्रदेश में 29,500 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इनमें दो गीगावाट की पंप्ड स्टोरेज परियोजना और हरित अमोनिया एवं ई-ईंधन परियोजना शामिल हैं।’’
 
प्रस्तावित निवेश में दो गीगावाट की पंप्ड स्टोरेज परियोजना के लिए 12,500 करोड़ रुपये और हरित अमोनिया एवं ई-ईंधन परियोजना के लिए 17,000 करोड़ रुपये शामिल हैं।
 
लोकेश ने रिन्यू को उसकी 11,000 करोड़ रुपये की पॉलीसिलिकॉन और धातुकर्म-ग्रेड सिलिकॉन परियोजना के लिए बधाई भी दी। उन्होंने कंपनी को आईआईटी तिरुपति और न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय (यूएनएसडब्ल्यू) द्वारा स्थापित किए जा रहे सौर सेल प्रोटोटाइप केंद्र के साथ सहयोग करने के लिए आमंत्रित किया।